फौजा सिंह के निधन पर मोदी ने किया शोक व्यक्त

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे उम्रदराज मैराथन धावक फौजा सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने एक संदेश में कहा कि फ़ौजा सिंह जी अपने अद्वितीय व्यक्तित्व और फिटनेस जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भारत के युवाओं को प्रेरित करने के अपने तरीके के कारण असाधारण थे। वे अद्भुत दृढ़ संकल्प वाले एक असाधारण एथलीट थे। उनके निधन से बहुत दुःख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दुनिया भर में उनके अनगिनत प्रशंसकों के साथ हैं।
विदित हो कि पंजाब के जालंधर जिले में सोमवार को मैराथन धावक फ़ौजा सिंह का उनके पैतृक गांव ब्यास के पास सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 114 वर्ष के थे। फौजा सिंह, जिन्हें प्यार से टर्बन्ड टॉरनेडो कहा जाता था इस वर्ष एक अप्रैल को 114 वर्ष के हुए थे।
