अठावले फिर बने रिपब्लिकन पार्टी के अध्यक्ष

नई दिल्ली। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया  (अठावले) ने पार्टी नेता रामदास अठावले को सर्वसम्मति से फिर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। रिपब्लिकन पार्टी के अनुसार पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मंगलवार को यहां नवीन महाराष्ट्र सदन में बैठक हुई जिसमें डॉ अठावले को सर्व सम्मति से अध्यक्ष नियुक्त किया गया। श्री अठावले को फिर पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त करते हुए पार्टी नेताओं ने अगले पांच वर्ष में आरपीआई को राष्ट्रीय स्तर की पार्टी बनाने का संकल्प लेते हुए कहा कि संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
श्री अठावले ने इस मौके पर पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, गरीब,  किसान,  मजदूर, महिलाओं सहित सभी वर्गो को न्याय दिलाना ही आरपीआई की प्राथमिकता है। उनका कहना है कि डॉ. अम्बेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देश के सभी राज्यों,  महानगरों,  जनपदों सहित ग्राम स्तर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं के दल तैयार कर पार्टी को मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने पार्टी को अगले पांच वर्षों में राष्ट्रीय स्तर की पार्टी का दर्जा दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बाद में श्री अठावले ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति, किसान,  युवाओं तथा महिलाओं को रोजगार देने के लिए सहकारिता एवं केन्द्र सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.