सेना उप-प्रमुख का कार्यभार संभाला
नई दिल्ली। लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह ने शुक्रवार को यहां सेना उप प्रमुख का कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वह सेना मुख्यालय में महानिदेशक, ऑपरेशनल लॉजिस्टिक्स एवं स्ट्रैटेजिक मूवमेंट के पद पर थे।
कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने यहां राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जाकर मातृ भूमि के लिए प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। जनरल ऑफिसर को दिसंबर 1987 में पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) की चौथी बटालियन में कमीशन दिया गया था। वह ला मार्टिनियर कॉलेज लखनऊ, लखनऊ विश्वविद्यालय और प्रतिष्ठित भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून के पूर्व छात्र हैं। जनरल ऑफिसर ने ऑपरेशन पवन, ऑपरेशन मेघदूत, ऑपरेशन ऑर्चिड में सेवा की है और ऑपरेशन रक्षक में लंबे समय तक कार्य किया है। ले. जनरल सिंह ने 38 वर्षों के शानदार करियर के दौरान विभिन्न कमान और स्टाफ पदों पर कार्य किया। उन्होंने कश्मीर घाटी और नियंत्रण रेखा पर एक विशेष बल इकाई की कमान संभाली। बाद में उन्होंने वास्तविक नियंत्रण रेखा पर ऑपरेशन स्नो लेपर्ड में एक इन्फैंट्री ब्रिगेड और एक माउंटेन डिवीजन की कमान संभाली। जनरल ऑफिसर हिमाचल प्रदेश स्थित एक कोर के प्रमुख थे और संवेदनशील जम्मू, सांबा और पठानकोट क्षेत्रों के लिए ज़िम्मेदार थे। जनरल ऑफिसर को पश्चिमी और उत्तरी दोनों सीमाओं पर परिचालन परिस्थितियों का गहन ज्ञान और गहरी समझ है।
उन्होंने डीएसएससी वेलिंगटन में प्रतिष्ठित स्टाफ कोर्स, सीडीएम सिकंदराबाद में उच्च रक्षा प्रबंधन पाठ्यक्रम और आईआईपी, में लोक प्रशासन में उन्नत व्यावसायिक कार्यक्रम में भाग लिया है। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय से प्रबंधन अध्ययन में स्नातकोत्तर और पंजाब विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है।
