दो दिवसीय दौरे पर अमित शाह गुवाहाटी पहुंचे
गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह असम के दो दिवसीय दौरे पर गुरुवार की शाम गुवाहाटी पहुंचे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा , असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया और कई अन्य नेताओं ने हवाई अड्डे पर श्री शाह का स्वागत किया।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक श्री शाह भाजपा कार्यकर्ताओंए खासकर नवगठित अनुशासन समिति अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कोर कमेटी और पार्टी की चुनाव समिति के सदस्यों से भी मुलाकात कर सकते हैं। शुक्रवार को उनके गुवाहाटी में नए राजभवन का उद्घाटन करने की संभावना है। वह श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र जाएंगे और असम के पूर्व मुख्यमंत्री गोलाप बोरबोरा की जन्म शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगे। बाद में वह खानापारा स्थित पशु चिकित्सा मैदान में राजग गठबंधन के सहयोगियों के 20,000 से अधिक नवनिर्वाचित पंचायत और अन्य स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
