मांगों के समर्थन में सीजेपी ने किया विरोध-प्रदर्शन
नई दिल्ली। नीट, सीयूईटी, सीबीएसई और एसएससी जीडी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्री प्रधान के इस्तीफ़े की मांग करते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का विरोध प्रदर्शन शनिवार को शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों समर्थकों ने हिस्सा लिया, जिनमें विद्यार्थी और युवा नौकरीपेशा लोग भी शामिल थे। इस अवसर पर पर्यावरण एक्टिविस्ट और शिक्षाविद सोनम वांगचुक ने प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग तो बस शुरुआत है और असली मकसद शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि वह इस मकसद के लिए अपना समर्थन जारी रखते हुए अगले सप्ताहांत फिर से जंतर-मंतर आएंगे। इससे पू्र्व, श्री दिपके ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी किसी पूर्व.नियोजित राजनीतिक रणनीति की उपज नहीं, बल्कि वह सरकार से नाराज लोगों की आवाज बनकर उभरी है। केंद्र की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी ने जनता को हिंदू-मुस्लिम मुद्दों में उलझाकर रखा है, जबकि असली सवाल रोजगार, आजीविका और आम लोगों की समस्याओं का है।
श्री दिपके ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर अभियान शुरू हुए एक महीने से अधिक समय हो चुका है, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। हमारे सोशल मीडिया अकाउंट हैक किये जा रहे हैं और पोस्ट हटवाई जा रही हैं। आप हमारी पोस्ट तो डिलीट कर सकते हैं लेकिन हमें इस जगह से मिटा नहीं सकते। पूरे विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। एयरपोर्ट और विरोध स्थल सहित कई अहम जगहों पर 1,000 से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात किये गये थे।
