ममता बनर्जी ने किया सोनिया गांधी से मुलाकात
इंडिया गठबंधन को मजबूत बनाने पर चर्चा

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से यहां उनके आवास पर मुलाकात करके विपक्षी गठबंधन “इंडिया” को और मजबूत बनाने के मुद्दे पर व्यापक चर्चा की।
इंडिया गठबंधन के 25 दलों के नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक के एक दिन बाद हुई इस मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद श्रीमती गांधी और सुश्री बनर्जी के बीच यह पहली औपचारिक मुलाकात है। हालांकि, सोमवार को इंडिया गठबंधन की बैठक के दौरान दोनों नेताओं की भेंट हुई थी और उनके आत्मीयता से गले मिलने की तस्वीरें भी काफी चर्चा में रहीं थीं। बैठक में सहयोगी दलों के बीच एकता और बेहतर समन्वय पर जोर दिए जाने के एक दिन बाद मंगलवार को हुई इस मुलाकात को राजनीतिक हलकों में महत्वपूर्ण संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों तथा विपक्षी दलों की भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विपक्षी एकजुटता बनाए रखने और जनहित के मुद्दों पर साझा अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। सूत्रों ने बताया कि सुश्री बनर्जी ने विपक्षी एकता पर जोर देते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल मिलकर ही भाजपा का प्रभावी मुकाबला कर सकते हैं। मुलाकात के दौरान गठबंधन के नेताओं से सार्वजनिक रूप से एक.दूसरे की आलोचना से बचने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
