भाजपा पर लगाया मताधिकार छीनने की साजिश का आरोप
नई दिल्ली। कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयोग के साथ मिलकर जनता के मताधिकार छीनने साजिश कर रही है लेकिन इसे कामयाब नहीं होने दिया जाएगा और बिहार की जनता इसका करारा जवाब देगी।
कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आज यहां कहा कि बिहार के आठ करोड़ मतदाताओं पर भाजपा की थोपी वोटबंदी की मार, लोकतंत्र पर तालाबंदी के साथ ही घर-घर से घर-घर से अवैध वसूली का जरिया है। मतदाता पुनरीक्षण की आड़ में चल रहा ये फर्जीवाड़ा, मताधिकार छीनने की साजिश और उगाही का धंधा बन गया है।उन्होंने कहा कि घर-घर वोटरों की जाच से लेकर दस्तावेजों की जानकारी तक और फार्म पहुंचाने से लेकर जमा दिखाए जा रहे भरे हुए फार्म की रिसीविंग तक सब फर्जी है।भाजपा के डबल इंजन में वोट देने का संवैधानिक अधिकार भी नीलाम हो रहा है लोगों के मताधिकार को भी उगाही के बदले बेचा जा रहा है।
श्री सुरजेवाला ने चुनाव आयोग को कठपुतली करार देते हुए कहा कि भाजपा की कठपुतली बने चुनाव आयोग के 14 दिन में ही बिहार के 80 प्रतिशत मतदाताओं यानी छह करोड़ से अधिक लोगों के घर तक फार्म पहुंचाने और भरे हुए फॉर्म जमा करा लेने के सारे दावे कागज़ी
हैं। पूरे बिहार में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैं, जनता अपना वोट देने का अधिकार बचाने के लिए भी दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। उन्होंने कहा मगर जिस तरह 2024 में संविधान बदलने की भाजपाई साजिश को देश ने नाकाम कर दिया वैसे ही बिहार के किसानों, मजदूरों, गरीबों, दलितों और पिछड़ों से वोट देने का अधिकार छीनने की ये भाजपाई साजिश कभी कामयाब नहीं होगी।
