राहुल गांधी को खुद के रोजगार की चिंता : नितिन

पटना। बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी  के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को बिहार के युवाओ से ज्यादा खुद के रोजगार की चिंता है।
श्री नवीन ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस के रोजगार मेले की असलियत सबके सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि जिस आयोजन को युवाओं के भविष्य से जोड़ा जा रहा था वह महज एक चुनावी नौटंकी साबित हुआ। वास्तविकता यह है कि कांग्रेस के इस मेले में अभ्यर्थियों से उनका विधानसभा क्षेत्र पूछा जा रहा है। सवाल साफ है कि क्या नौकरी देने के लिए योग्यता देखी जा रही है या वोट बैंक की राजनीति हो रही है। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस स्पष्ट करे कि यह रोज़गार का मेला है या चुनावी सर्वे का माध्यम।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों ने बीते वर्षों में देश में वास्तविक रोजगार किया है। उन्होंने हरियाणा का उदाहरण देते हुये कहा कि वहां कांग्रेस के शासनकाल (2005-14) में महज़ 86,067 सरकारी नौकरियाँ दी गईं जबकि भाजपा सरकार के समय (2014-24) में यह संख्या बढ़कर 1.43 लाख हुई और करीब 1.60 करोड़ औपचारिक रोजगार का सृजन किया गया। श्री नवीन ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस युवाओं के सपनों और रोजगार की उम्मीदों के साथ राजनीतिक छल कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस के चुनावी चाल को भली-भांति समझती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.