राहुल की यात्रा से बिहार में आएगा बदलाव : पवन खेड़ा

नई दिल्ली। कांग्रेस ने कहा है कि पार्टी की पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जब-जब यात्रा शुरू की लोकतंत्र ने करवट ली है और इस बार बिहार में वोटर अधिकार यात्रा शुरू की जा रही है इसलिए वहां बदलाव आएगा। कांग्रेस संचार विभाग की प्रमुख पवन खेड़ा ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री गांधी की वोटर अधिकार यात्रा रविवार से बिहार की सासाराम में शुरू हो रही है जो 16 दिन में 1300 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। उनका कहना था कि यह बिहार में परिवर्तन की यात्रा होगी। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया और यह यात्रा बिहार में बदलाव लाने वाली यात्रा साबित होगी।
श्री खेड़ा ने कहा कि जब भी राहुल गांधी यात्रा के लिए निकले हैं इस देश के लोकतंत्र ने करवट ली है। वोटर अधिकार यात्रा एक ऐतिहासिक यात्रा होगी। हम सबके अस्तित्व की लड़ाई के लिए यह यात्रा एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में जो यात्रा शुरू हो रही है वह लोगों को सजग करने की यात्रा है, क्योंकि साजिश करने वाले बाज नहीं आएंगे।  वो वोट चुराने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि 17 अगस्त को बिहार के सासाराम से वोटर अधिकार यात्रा शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि 16 दिन की यात्रा एक सितंबर को पटना में एक विशाल रैली के साथ समाप्त होगी और इसमें इंडिया गठबंधन के नेता शामिल होंगे। यह यात्रा एक व्यक्ति.एक वोट के अधिकार की लड़ाई के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में आजादी से सांस लेना इसलिए संभव है क्योंकि हमारे पास वोट करने की ताकत है। श्री गांधी ने संघर्ष शुरु किया है ताकि देश में हर एक नागरिक आजादी से सांस ले सके। श्री खेड़ा ने कहा कि जिस तरह से फर्जी वोट जोड़ने और काटने का खेल चल रहा था उसमें भारतीय जनता पार्टी के लोग रंगे हाथों पकड़े गए हैं। अब सामान्य नागरिक भी वोट चोरी के सबूत निकालकर दे रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.