आतिशी ने पानी की समस्या पर सीएम को लिखा पत्र

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर दिल्ली में पानी की कमी की समस्या दूर करने की मांग की है। श्रीमती आतिशी ने मुख्यमंत्री को सोमवार को लिखी चिट्ठी में कहा कि मैं आपका ध्यान दिल्ली के कई हिस्सों में निवासियों द्वारा झेली जा रही गंभीर जल संकट की ओर आकर्षित करना चाहती हूं। दिल्ली के कई घनी आबादी वाले कालकाजी,  बदरपुर,  ओखला,  दक्षिण और मध्य दिल्ली के कई हिस्से में अज्ञात कारणों से लोग भीषण जल संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौंकाने वाली बात है कि इस समय अभूतपूर्व मानसून के बावजूद दिल्ली पानी की किल्लत झेल रही है। भारी वर्षा होने के बावजूद दिल्ली के लोग प्रतिदिन पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। एक ओर पूरी दिल्ली पानी में डूबी हुई है और दूसरी ओर राष्ट्रीय राजधानी के नलों में पानी सूख गया है।
आप नेता ने कहा कि यह स्थिति भाजपा.शासित सरकार और दिल्ली जल बोर्ड की तैयारी और कार्यक्षमता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि भारी वर्षा के मौसम में भी यह स्थिति है तो आने वाली गर्मियों में दिल्ली का क्या होगा। आपकी सरकार को दिल्ली जल बोर्ड का कार्यभार संभाले लगभग छह महीने हो चुके हैं। अब आपकी सरकार बहानेबाज़ी और दोषारोपण नहीं कर सकती।

Leave A Reply

Your email address will not be published.