भाजपा ने मैदान में उतारी सांसदों की फौज


कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरने के लिए भारतीय जनता पार्टी किलाबंदी में जुट गई है। पार्टी ने रविवार को तीसरे और चौथे चरण के चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। बीजेपी ने तीसरे फेज के लिए 27 कैंडिडेट्स के नामों का ऐलान किया है, जबकि चौथे फेज के लिए पार्टी ने 36 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। उम्मीदवारों की लिस्ट में सबसे खास बात यह है कि बीजेपी ने कई सांसदों को टिकट दिया है।
बीजेपी ने जिन सांसदों को बंगाल चुनाव के मैदान में उतारा है उनमें बाबुल सुप्रियो, लॉकेट चटर्जी, नीतीश प्रामाणिक आदि के नाम शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री और बंगाल के आसनसोल से सांसद बाबुल सुप्रियो को टालीगंज सीट से टिकट दिया गया है। नीतीश प्रामाणिक को दिनहाटा विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया है। वहीं बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद स्वप्न दासगुप्ता बंगाल की तारकेश्वर सीट से चुनाव लड़ेंगे।
बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की वर्तमान सांसद और एक्ट्रेस से नेता बनीं लॉकेट चटर्जी को भी टिकट दिया है। लॉकेट चुचुड़ा सीट से मैदान में होंगी। चटर्जी इस समय कमरहाटी लोकसभा सीट से बीजेपी की सांसद हैं। वहीं इसके अलावाए पार्टी ने कई अन्य दिग्गज नेताओं को टिकट दिया है। बंगाल के अलीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी की ओर से उम्मीदवार अशोक लाहिड़ी होंगे। वह पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार भी रह चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.