उम्र 21 साल, 150 की गति से गेंदबाजी
21 साल के इस गेंदबाज का नाम है मयंक यादव। ये कोई विदेशी नहीं बल्कि एक भारतीय गेंदबाज है जो आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा है।मयंक यादव का जन्म 17 जून 2002 को दिल्ली में हुआ था। वह दिल्ली के पंजाबी बाग में रहते हैं। वह दिल्ली के लिए ही घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। राइट आर्म के तेज गेंदबाज मयंक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने दमदार प्रदर्शन की वजह से सुर्खियों में आए थे।
मयंक यादव लखनऊ सुपर जायंट्स में जुड़ने से पहले दिल्ली कैपिटल्स के नेट गेंदबाज थे। वह दिल्ली के लिए नेट में गेंदबाजी में करते थे। वहीं उन्हें लखनऊ के पूर्व सहायक कोच विजय दाहिया ने देखा। दहिया मयंक से काफी प्रभावित हुए। जब दहिया लखनऊ में आए तो उन्होंने इस गेंदबाज के बारे में बताया। फिर वही इस युवा गेंदबाज को लेकर आए। हालांकि, पिछले सीजम मयंक इंजरी की वजह से नहीं खेल सके लेकिन इस बार जब उन्हें मौका मिला तो उन्होंने अपनी रफ्तार से हर किसी को अपना दीवाना बना लिया।
लखनऊ के खिलाफ हार के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन से जब पूछा गया कि आप इस मैच में कैसे हार गए तो उन्होंने मयंक यादव का ही जिक्र किया। धवन ने साफतौर पर कहा कि मयंक ने हमसे जीत छीन ली। धवन ने कहा मयंक यादव की गति ने हमें मात दी। मयंक ने मुझे सटीक यॉर्कस मारे। उसने प्रभसिमरन को बॉली लाइन पर रफ्तार से गेंदबाजी की। लखनऊ के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने इस युवा गेंदबाज को जमकर सराहा वहीं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने मयंक यादव को भारत का अगला स्पीडस्टार करार दिया। बता दें कि धवन के अलावा और भी कई दिग्गजों ने इस युवा गेंदबाज की तारीफ की है।
