जमुई मेे विपक्ष पर जमकर बरसे पीएम मोदी

जमुई। लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार ;04 अप्रैल) को बिहार के जमुई में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जमुई की इस धरती पर उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि जनता का मूड क्या है। उन्होंने कहा कि जमुई से भाजपा और एनडीए के पक्ष में उठी ये हुंकार बिहार के साथ ही पूरे देश में गूंज रही है। उन्होंने वहां उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हए कहा कि आज इस मंच से एक कमी हम सबको महसूस हो रही है। हमारे लिए ये पहला ऐसा चुनाव है जब बिहार के बेटे, दलितों,वंचितों के प्रिय और मेरे परम मित्र पद्म भूषण से सम्मानित रामविलास पासवान जी हमारे बीच नहीं हैं लेकिन, मुझे संतोष इस बात की है कि रामविलास जी के विचार को मेरे छोटे भाई चिराग पासवान पूरी गंभीरता से आगे बढ़ा रहे हैं।
पीएम मोदी ने एनडीए गठबंधन के लिए वोट मांगते हुए कहा कि बिहार की धरती पूरे देश को दिशा दिखाने वाली रही है। बिहार की इस धरती ने आजादी की लड़ाई में और स्वतंत्र भारत की नींव मजबूत करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है लेकिन दुर्भाग्य से आजादी के बाद बिहार के सामर्थ्य के साथ न्याय नहीं हो पाया। बिहार के विपक्षी दल आरजेडी के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का नाम लिए बिना पीएम मोदी ने कहा कि रेलवे में भर्ती के नाम पर जो लोग गरीब युवाओं से जमीन लिखवा लें वो बिहार के युवाओं के साथ कभी भला नहीं कर सकते। पीएम मोदी ने कहा कि घमंडिया गठबंधन वालों के समय में केवल खस्ताहाल ट्रेनें चलती थीं लेकिन अब पूरे देश की तरह ही बिहार के लोग भी वंदेभारत ट्रेन में सफर कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस हो या आरजेडी इन्होंने हर मौके पर बिहार और बिहारी गौरव का अपमान किया है। यही कांग्रेस और आरजेडी थी जिसने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया था। अभी कुछ ही समय पहले हमारी सरकार ने बिहार के गौरव कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया तब भी इन लोगों ने उसका विरोध किया। पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार सोलर पॉवर और एलईडी बल्व की बात करती है। वहीं घमंडिया गठबंधन वाले बिहार में लालटेन की लौ जलाना चाहते हैं। हमलोग बिहार में उद्योग और काराखाना लगा रहे वहीं राजद के लोग अपहरण का उद्योग चलाते थे। हमलोग हाईवे और एक्सप्रेस वे बना रहे हैं जबकि राजद के लोगों ने बिहार में गड्ढे और खाई बनाई। पीएम मोदी ने कहा कि पहले गरीबों का पैसा बीच में लूट लिया जाता था। अब वह पैसा सीधे आपके खाते में जा रहा है। जमुई में ही किसानों को 850 करोड़ से अधिक राशि उनके बैंक खाते में पहुंचे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस की सरकार के काले दौर में जमुई नक्सल प्रभावित इलाका कहा जाता था। सरकारी योजना यहां नहीं पहुंचती थी। यहां नक्सली सड़कें नहीं बनने देते थे। जमुई ने राजद के जंगलराज की कितनी बड़ी कीमत चुकाई है यह सबको पता है। आज एनडीए सरकार में जमुई विकास के हाईवे पर तेज रफ्तार पकड़ चुका है। नक्सलवाद दम तोड़ रहा है। एनडीए सरकार ने बिहार को दलदल से बाहर निकाला है। नीतीश बाबू की इसमें बड़ी भूमिका रही है। 2024 का चुनाव बिहार और भारत के भविष्य के लिए काफी निर्णायक है। एनडीए की सरकार का संकल्प है विकसित भारत का निर्माण। खुशहाल बिहार का निर्माण।

Leave A Reply

Your email address will not be published.