बारिश और भूस्खलन प्रभावित राज्यों की स्थिति पर चिंता जताई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में बारिश और भूस्खलन से हुई तबाही को लेकर गुरुवार को कहा कि केंद्र और संबंधित राज्य सरकारों को अपनी ज़िम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए।
मायावती ने सोशल मीडिया एक्स पर गुरुवार को एक ट्वीट कर यह बातें कहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में भी ख़ासकर पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली,  हरियाणा, उत्तर प्रदेश, असम आदि इन राज्यों में भारी बरसात व भूस्खलन से भारी नुक़सान हुआ है। मायावती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ से हो रही व्यापक जान-माल व पशुधन की तबाही तथा गुरुग्राम व नोएडा आदि जैसे शहरी इलाकों में भी भारी जल भराव आदि की समस्याओं से करोड़ों परिवारों को ज़बरदस्त कठिनाईयों व आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा है कि ऐसे में मानवता.इन्सानियत के नाते लोगों का पीड़ितों की राहत सहायता के लिये बड़े पैमाने पर स्वतः आगे आने की ख़बरें और तस्वीरें काफी संतोष देने वाली अच्छी ख़बर है, किन्तु ऐसे बुरे हालात में केन्द्र व सम्बंधित राज्य सरकारों को जनता के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए।
बसपा सुप्रीमो ने कहा है कि इसके साथ-साथ मानवतावादी आचरण भी अपनाते हुये सभी पीड़ित परिवारों को हर प्रकार की मदद के लिये तत्काल ज़रूर आगे आना चाहिये। उन्होंने कहा है कि सरकारों को आगे के लिए सभी जरूरी बुनियादी जन सुविधाओं पर लगातार समुचित ध्यान देना होगा ताकि जन समस्यायें हर वर्ष प्रभावित व जटिल ना हों तथा आम जनजीवन व ख़ासकर किसानों,  ग़रीबों,  मज़दूरों एवं अन्य मेहनतकश लोगों की रोज़ी-रोटी अत्याधिक प्रभावित ना हो।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.