अयोध्या के अंगद टीला पर गिलहरी की प्रतिमा स्थापित
अयोध्या। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार रामसेतु निर्माण में योगदान देने वाली गिलहरी को अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि पर विशेष स्थान देते हुए राममंदिर के दर्शन के बाद बाहर निकलने वाले मुख्यमार्ग पर स्थित अंगद टीला पर गिलहरी की प्रतिमा स्थापित कर दी गई।
इससे पहले अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्रवेश करते समय हाल में विशालकाय गिलहरी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। अंगद टीला पर स्थापित की गई गिलहरी का मुख राममंदिर की तरफ है जहां से वह राम मंदिर की ओर निहार रही है। राम मंदिर निर्माण प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। इस समय परकोटे के मंदिरों का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। इसके कारण क्रॉसिंग 3 जो राममंदिर का वीआईपी द्वार माना जाता है उस द्वार से आने वाले वीआईपी श्रद्धालुओं को मंदिर में लंबी दूरी तय करके क्रॉसिंग 2 के सामने से दर्शन करने जाना पड़ता है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की निर्माण समिति की निर्माण कार्य में लगी एजेंसियो एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ दो दिवसीय बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र करेंगे। बैठक में मुख्य रूप से ध्वजारोहण समारोह के मुख्य अतिथियों, आमंत्रित अतिथियों की वास्तविक संख्या, बाउंड्रीवाल का निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था के लिए टावर का निर्माण और राममंदिर के द्वितीय तल पर स्थापित होने धार्मिक पुस्तकों के संबंध में चर्चा होगी।
