अशोक स्तम्भ के अपमान पर कांग्रेस, राजद चुप क्यों ? : सम्राट
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि इंडी गठबंधन के लोग कभी केरल में बिहार को बीड़ी से जोड़कर राज्य को बदनाम करते हैं, तो कभी कश्मीर में अशोक स्तम्भ पर हमला करते हुए प्रदेश का अपमान करते हैं।
श्री चौधरी ने बयान जारी कर कहा कि कश्मीर में अशोक स्तम्भ पर हमला किया गया। यह प्रतीक मगध के उस महान सम्राट अशोक का है जिन्होंने भारत को स्वर्णिम काल दिया। यह स्तंभ देश और बिहार की गौरवशाली विरासत का प्रतीक हैं और उस पर हमला एक सुनियोजित रणनीति के तहत हो रहा है। उन्होंने सवाल किया कि इस मुद्दे पर कांग्रेस और राजद चुप क्यों हैं? भाजपा नेता ने कहा कि ये वो लोग हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को भी सार्वजनिक रूप से अपशब्द कहते हैं, जो भारत की आत्मा पर वार है। उन्होंने कहा कि बिहार और भारत अपनी विरासत और स्वाभिमान के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। श्री चौधरी ने कहा कि लालू यादव और महागठबंधन के लोग अशोक स्तम्भ के अपमान को मामूली घटना बता रहे हैं जबकि यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल से बात करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि जब प्रधानमंत्री की मां को अपशब्द कहे गए तब भी नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन ने ना तो इसका विरोध किया और ना ही देश से माफी मांगी। यह मानसिकता बताती है कि ये लोग बिहारी को मजदूर, गरीब और अछूत समझते हैं। श्री चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के 55 साल के युवराज राहुल गांधी बिहार की शानदार सड़कों पर टूर कर लौट गये, लेकिन उसे इस राज्य में हो रहा ढांचागत विकास नहीं दिखा। उन्होंने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा का तमाशा करने के बाद युवराज राहुल गांधी मलेशिया चले गए हैं जबकि दूसरे युवराज हमेशा टूर पर ही रहते हैं।मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का श्रेय लूटने की महागठबंधन की कोशिश पर श्री चौधरी ने कहा कि यह इनकी पुरानी आदत है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना को ये अपना बता रहे हैं लेकिन वास्तव में उन्होंने कभी इसका जिक्र तक नहीं किया था।
