समाजवादी पार्टी का भविष्य अंधकार में : केशव मौर्य
आगरा। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को कहा कि समाजवादी पार्टी एक डूबता जहाज है और उसका भविष्य अंधकार में है। श्री केशव मौर्य ने आगरा के विकास भवन में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद प्रेस वार्ता में श्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर पर हमला बोला। वह तेजस्वी यादव पर हमलावर दिखे। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि समाजवादी पार्टी एक डूबता हुआ जहाज है और उसका भविष्य अंधकार में है। उन्होंने कहा कि तीनों परिवारवादी पार्टी अवसाद में हैं और आगरा में इलाज की व्यवस्था है। उन्होंने मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पर कहा कि इसका विरोध देश नहीं कर रहा है। सत्ता के लिए पानी से बाहर निकली मछली की तरह तड़पने वाले व्याकुल हैं। सही का विरोध करना राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव की तिकड़ी का फैशन बन गया है। उन्होंने श्री गांधी पर हमला करते हुए कहा कि वो भूकंप लाने वाले थे भूकंप नहीं आया। एटम बम फोड़ने वाले थे फूटा नहीं, अब हाइड्रोजन बम फोड़ने वाले थे वो दिवाली के पटाखे के बराबर भी नहीं निकला।
