डेढ़ लाख सिक्कों से निर्मित भगवान श्री राम की प्रतिमा का अनावरण
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को लखनऊ के फन रिपब्लिक मॉल में एक, पांच एवं दस रुपये के डेढ़ लाख सिक्कों से 18 फीट ऊंची भगवान श्री राम की प्रतिमा का अनावरण किया। श्री राम की प्रतिमा बनाने में बीस दिन से ज्यादा का समय लगा जबकि लखनऊ, गोरखपुर एवं कलकत्ता के लगभग 25 कारीगरों ने मिलकर आस्था के इस प्रतिबिंब का निर्माण किया। आस्था और कला के इस संगम को एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया।
श्री पाठक ने कहा कि भारत देश अपनी संस्कृति, विचारों और अध्यात्म के लिए जाना जाता है और यह मूर्ति उसी अध्याय में एक नया नाम है। श्री राम हम सबके आराध्य हैं और हमें उनके दिखाए मार्ग पर ही चलना चाहिए। उन्होने उम्मीद जताई कि आगे भी इस तरह के इससे भी कई भव्य आयोजन भारत की सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर फन रिपब्लिक मॉल के जनरल मैनेजर अश्विनी सिंह ने कहा कि हमारा यह कार्यक्रम दिवाली तक चलता रहेगा जिसमें आने वाले दिनों में कंटेम्प्रेरी रामायण का आयोजन, शॉप एंड विन प्रतियोगिता भी होगी जिसमें टॉप शॉपर को एक ग्राम सोने का सिक्का दिया जाएगा इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न तरह की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएंगी।
