सिर्फ झूठी घोषणाएं करते हैं केजरीवाल : मल्होत्रा
नई दिल्ली। केन्द्रीय राज्यमंत्री एवं पूर्वी दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद हर्ष मल्होत्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर झूठ घोषणाएं करने का आरोप लगाया है। श्री मल्होत्रा ने सोमवार को यहां संवाददाता को संबोधित करते हुए कहा कि श्री केजरीवाल पिछले 10 सालों से सत्ता में है और वर्तमान में उनकी सरकार है फिर उन्हें कुछ भी घोषणा करने की क्या आवश्यकता है। सिर्फ मंत्रिमंडल की बैठक बुलाकर इन सभी घोषणाओं को पास करें और कल से लागू कर दें, लेकिन उन्हें सिर्फ चुनावी घोषणाएं करनी है। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल की मौजूदा घोषणाएं ठीक उसी तरह की हैं जैसे उन्होंने यमुना की सफाई और दिल्ली से कूड़ा हटाने की घोषणा की थी लेकिन आज भी यमुना पूरी तरह से मैली है और दिल्ली को कूड़ों के पहाड़ का शहर बना दिया है। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल सिर्फ झूठ बोलते हैं और वह हर वक्त इसको साबित करते हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि श्री केजरीवाल ने कहा था कि मेरे पास निगम आएगी तो गाजीपुर का कूड़ों का पहाड़ एक साल में खत्म कर देंगे, लेकिन जब एक साल बाद पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी दो साल और लगेंगे।उन्होंने कहा कि यहां 140 लाख मिट्रिक टन कूड़ा अभी भी पड़ा है और 2600 मीट्रिक टन कूड़ा प्रतिदिन आता है इसलिए श्री केजरीवाल और दिल्ली के महापौर को बताना चाहिए कि कूड़े को कम करने के लिए इन्होंने क्या किया है। उन्होंने कहा कि सिर्फ झूठ बोलना और चुनावी घोषणा करना श्री केजरीवाल की पुरानी आदत है लेकिन आज विकास के कार्य को बताने का समय है और दिल्लीवाले पूछ रहे हैं कि आखिर उन्होंने क्या किया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में तीन कूड़े के पहाड़ गाजीपुर, भलस्वा और ओखला में हैं और तीनों जगहों को मिलाकर 229 लाख मीट्रिक टन कूड़ा है जिसे साफ करने के लिए श्री कोई केजरीवाल ने कोई योजना नहीं बनाई है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने यमुना नदी की सफाई को एक समिति बनायी थी और उपराज्यपाल को इसका प्रमुख बनाया लेकिन श्री यमुना नदी साफ ना हो इसलिए इस समिति के खिलाफ उच्चतम न्यायालय चले गए और 8500 करोड़ रुपये हड़पने वाले श्री केजरीवाल शीर्ष अदालत से स्टे लेकर आ गए।
श्री मल्होत्रा ने सवाल किया कि दिल्ली की जनता श्री केजरीवाल से जवाब चाहती है कि जब केंद्र सरकार ने यमुना सफाई पर काम शुरू किया, केजरीवाल सरकार ने उच्चतम न्यायालय क्यों गयी थी। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल 500 नये विद्यालय बनाने का वादा किया था लेकिन पांच विद्यालय भी नहीं बना बाए। इसी तरह से 20 कॉलेज का वादा था लेकिन एक भी नहीं बना पाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार ने तीन कॉलेज का शिलान्यास किया है और एक विश्वविद्यालय का परिसर बनाकर तैयार कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो वादा करती है उसे पूरा करती है। सरकार बनने के100 दिन के अंदर ही मोदी सरकार ने आय़ुष्मान योजना लागू कर दी लेकिन श्री केजरीवाल की जनता से दुश्मनी के कारण यह दिल्ली में लागू नहीं है।
