चीन, उत्तर कोरिया करेंगेआपसी सहयोग को और गहरा

प्योंगयांग। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने यहां आयोजित शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और रणनीतिक सहयोग को और गहरा करने का संकल्प लिया। उत्तर कोरियाई सरकारी मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक समाचार एजेंसी के अनुसार, सोमवार देर रात हुए शिखर सम्मेलन के दौरान श्री जिनपिंग ने श्री किम जोंग उन से कहा कि उनका लक्ष्य दोनों देशों के संबंधों में प्रगति को गति देना है। इस दौरान दोनों नेता आपसी रणनीतिक संवाद को और मजबूत करने पर सहमत हुए। दूसरी ओर, श्री किम जोंग उन ने भी प्रतिबद्धता जताई कि उत्तर कोरिया और चीन अपनी इस दोस्ती को सबसे महत्वपूर्ण और सर्वोच्च प्राथमिकता वाले रणनीतिक कार्य के रूप में बनाए रखेंगे। एजेंसी के मुताबिकए किम जोंग उन ने चीनी राष्ट्रपति को अपना सबसे महान राजकीय अतिथि बताते हुए कहा कि श्री जिनपिंग का इस वर्ष अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए उत्तर कोरिया को चुनना उनके देश के लिए सबसे बड़ा और उत्साहजनक समर्थन है।
उत्तर कोरियाई नेता ने चीन की वन चाइना नीति के प्रति भी अपना समर्थन दोहराया, जिसके तहत ताइवान को चीनी क्षेत्र का एक अविभाज्य हिस्सा माना जाता है। दोनों नेताओं ने अपने साझा हितों की रक्षा के लिए रणनीतिक तालमेल मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार श्री जिनपिंग ने व्यापार, कृषि, निर्माण और प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की चीन की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों देशों को अपनी संप्रभुता, सुरक्षा और विकास हितों की मजबूती से रक्षा करने की आवश्यकता है। चीनी राष्ट्रपति की पिछले सात वर्षों में यह पहली उत्तर कोरिया यात्रा है। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देश अपनी मित्रता संधि की 65वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इससे पहले श्री जिनपिंग और श्री किम की मुलाकात पिछले साल सितंबर में बीजिंग में एक समारोह के दौरान हुई थीए जिसमें रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अन्य विदेशी गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए थे। श्री किम जोंग उन ने यहां आगमन पर श्री जिनपिंग का रेड.कार्पेट, गार्ड ऑफ ऑनर और 21 तोपों की सलामी के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने अपनी पत्नियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखा और फिर उत्तर कोरियाई नेता द्वारा आयोजित राजकीय भोज में शामिल हुए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.