सीएम रियो ने कुकी बंधकों की रिहाई का स्वागत किया
दीमापुर। नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने यूनाइटेड नागा काउंसिल (यूएनसी) और नागा सिविल सोसाइटी संगठनों द्वारा कुकी बंधकों की सुरक्षित और मानवीय रिहाई का स्वागत किया है। श्री रियो ने मंगलवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि यह घटनाक्रम मणिपुर में भरोसा बहाल करने, मतभेदों को दूर करने और स्थायी शांति का रास्ता बनाने में मदद करेगा।
उन्होंने कहा कि यह कदम मानव जीवन के प्रति हमारे सम्मानए मानवाधिकारों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और इस विश्वास को दर्शाता है कि संघर्ष के बीच भी इंसानियत बनी रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री श्री रियो ने कहा कि इंसानियत का यह काम हमें याद दिलाता है कि बातचीत, करुणा और भरोसा ही मेल-मिलाप और शांति के लिए हमारे सबसे शक्तिशाली साधन हैं। उन्होंने एक बार फिर छह नागा बंधकों की सुरक्षित रिहाई की अपील की ताकि वे भी मानवीय आधार पर अपने प्रियजनों के पास लौट सकें। उन्हें उम्मीद है कि यह कदम भरोसा, समझ और बातचीत का रास्ता बनाने में मदद करेगा क्योंकि हम सच्ची शांति, मेल.मिलाप और सद्भाव के लिए प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ हफ़्तों में उन्होंने नागा सिविल सोसाइटी समूहों के प्रतिनिधियों के साथ कई बार बातचीत और चर्चा की है ताकि मानवीय आधार पर और ईसाई मूल्यों की सच्ची भावना के साथ इस गतिरोध को सुलझाने के हमारे सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि हमारी सामूहिक इच्छा है कि सद्भाव, भाईचारा और आपसी समझ बनी रहे जिससे सभी समुदाय शांति, समानता और साझा प्रगति के साथ मिलकर आगे बढ़ सकें।
