योगी ने एनटीपीसी की प्रदर्शनी को सराहा

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को रायबरेली दौरे के दौरान फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन (एनटीपीसी) की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने एनटीपीसी की विभिन्न विकासात्मक पहलों और प्रदर्शनी की प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसे बहुत सुंदर बताया।
एनटीपीसी की प्रवक्ता सलोनी शर्मा ने बताया कि राणा बेनी माधव सिंह प्रेक्षागृह के लोकार्पण और जनसभा के अवसर पर जिला प्रशासन के सहयोग से लगाई गई प्रदर्शनी में एनटीपीसी के विद्युत उत्पादन, परिचालन उपलब्धियों, संधारणीय ऊर्जा, सुरक्षा प्रक्रियाओं, पर्यावरण संरक्षण, भविष्य की योजनाओं तथा नैगम सामाजिक दायित्व के तहत किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित एनटीपीसी की विभिन्न गतिविधियों और विकास कार्यों में रुचि दिखाई तथा क्षेत्र के विकास में संस्थान के योगदान की सराहना की। एनटीपीसी की ओर से रायबरेली में दो प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शनी लगाई गई थी। राणा बेनी माधव सिंह प्रेक्षागृह में लगाए गए स्टॉल में एनटीपीसी की विकास यात्रा, तकनीकी उपलब्धियों और सामुदायिक विकास से जुड़ी पहलों को प्रदर्शित किया गया, जबकि फिरोज गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में लगाए गए स्टॉल में विद्युत उत्पादन, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास से संबंधित कार्यों को प्रमुखता दी गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.