आगामी विस चुनाव में अधिक सीटें जीतने को किया आह्वान

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल ने सोमवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पिछली बार से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।
श्री पटेल के पहली बार वाराणसी पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने काशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन.पूजन भी किया। सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद यह उनकी पहली काशी यात्रा है। काशी विश्वनाथ और बाबा काल भैरव का आशीर्वाद लेकर वह कार्यकर्ताओं के बीच आए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और स्नेह उन्हें नई ऊर्जा दे रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के अंदर पिछली बार हमारी जो सीटें थीं, उससे कहीं ज्यादा सीटें हम जीतकर लाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने की अपील की। श्री पटेल ने कहा कि वह वर्ष 1990 से भाजपा से जुड़े हैं और पहली बार उन्होंने ऐसा ऊर्जावान कार्यक्रम देखा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को और मजबूत करने का विश्वास जताया।
काशी के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी में 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं आई हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता और संगठन के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए मिले विश्वास का डेढ़ से दोगुना प्रतिफल देना होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.