बाढ़ प्रभावितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : सम्राट चौधरी

भागलपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्री चौधरी ने आज जिले के नवगछिया अनुमंडल के बाढ़ग्रस्त इलाकों और क्षतिग्रस्त काजीकोरैया-राघोपुर तटबंध का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद यहां हवाई अड्डे पर सरकार के उच्च अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के साथ उच्चस्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिये कि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं।जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति में होने वाले किसी भी बदलाव की लगातार निगरानी करनी है। ।
श्री चौधरी ने कहा कि अधिकारियों को क्षतिग्रस्त तटबंधों की अविलंब मरम्मती कार्य कराने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी का निर्देश दिया गया है। इसके लिए जल संसाधन विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहते हुए लगातार मॉनिटरिंग करते रहें। बाढ़ की स्थिति में प्रभावितों को एसओपी के अनुसार पूरी सहायता उपलब्ध कराते रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों खासकर दियारा इलाकों में राहत और बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ करने के लिए अधिकारियों को कहा गया है जिससे प्रभावित लोगों को किसी तरह की दिक्कतें नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि फरक्का बराज के सिलसिले में आज पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से बातचीत होने के बाद बराज के सभी फाटको (गेटो) को खोल दिया गया है जिससे भागलपुर सहित अन्य जिलों में बाढ़ के पानी का दबाब कम हो रहा है। बहुत जल्द स्थिति में सुधार हो जाएगा।
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक अभियान कुंदन कृष्णन, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, भागलपुर के प्रमण्डलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार, भागलपुर की जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य वरीय अधकारी मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.