निराश्रित बच्चियों ने सीएम योगी को बांधी राखी

लखनऊ। रक्षाबंधन त्योहार के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएम आवास पर छोटी बच्चियों से राखी बंधवाई। इस अवसर वहां आए बच्चियों ने सीएम को राखी बांधी और टीका लगाया। सीएम अपनी छोटी-छोटी बच्चियों के साथ सेल्फी भी लेते दिखे।
राखी बंधवाने के बाद छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुराने पलों को याद करते हुए कहा कि पहले बेटियां भय के मारे स्कूल नहीं जा पाती थीं किंतु आज मुझे बहुत अच्छा लगता है जब बेटियां स्कूल जाती हैं। बेसिक शिक्षा परिषद में मैं देखता था कि पहले जब बेटियां स्कूल जाती थीं तो उसके साथ भेदभाव होता था। कुछ परिवार थे जिनके पास साधन नहीं थे तो वो बेटे को प्राथमिकता देते थे। बेटे के लिए किसी प्रकार से यूनिफॉर्म तैयार कर देते थे लेकिन बेटियों के लिए नहीं बना पाते थे। बेटे के लिए चप्पल और जूते लेकर आ जाते थे, लेकिन बेटी के लिए नहीं ला पाते थे। बेटियां नंगे पांव स्कूल जाती थीं।
सीएम योगी ने आगे कहा कि मुझे याद है जब मैं मुख्यमंत्री बना था तो मैंने कुछ जनपदों के दौरे किए थे। अक्टूबर-नवंबर का महीना था, सर्दियां शुरू हो रही थीं, कुछ बच्चियां सुबह-सुबह स्कूल जा रही थीं। उनके कंधे पर छोटा सा फटा हुआ बैग था। मैंने उन्हें देखकर गाड़ी रोकी और बच्चियों से पूछा कि कहां जा रही हो, उन्होंने कहा स्कूल, मैंने पूछा यूनिफॉर्म नहीं है, तो वे चुप हो गईं, फिर मैंने देखा कि वे पथरीले रास्तों पर नंगे पांव चलती जा रही हैं। फिर मैंने पूछा तुम्हारे पास चप्पल नहीं है, वो फिर चुप रह गईं। इसके बाद सीएम ने एक बच्ची से पूछा कि तुम अकेली संतान हो क्या, बच्ची ने जवाब दिया कि उसका भाई भी है, वह दूसरे स्कूल में जाता है। भाई के पास जूते हैं और यूनिफॉर्म भी है। यह सुनकर सीएम योगी उसी दिन लखनऊ आए और आदेश जारी किया कि हर बेटी को दो यूनिफॉर्म, बैग, बुक्स, जूते-मोजे और सर्दियों में स्वेटर देंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.