चाइबासा जेल ब्रेक कांड के आरोपी ने किया सरेंडर

रांची। झारखंड के चर्चित चाइबासा जेल ब्रेक कांड के आरोपी नक्सली रणवीर पात्रो उर्फ गोइन्दा गगराई ने सीआईडी के समक्ष सरेंडर कर दिया है। बताया जाता है कि साल 2014 में चाईबासा जेल ब्रेक कांड के दौरान रणवीर जेल से भागने वाले माओवादियों में शामिल था और इस संबंध में चाईबासा सदर थाना में 9 दिसंबर 2014 को रणवीर समेत अन्य माओवादियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
जेल ब्रेक कांड की जांच सीआईडी के द्वारा की जा रही थी। इस कांड में सीआईडी की टीम ने नावामुंडी में रहने वाले रणवीर के परिजनों से संपर्क किया था। सीआईडी एडीजी अनिल पालटा ने बताया कि परिजनों से संपर्क करने के बाद सीआईडी की टीम ओड़िसा के सुंदरगढ़ गई थी।सुंदरगढ़ में रणवीर जीवन यापन के लिए ड्राइवरी कर रहा था। ओड़िसा में ही रणवीर ने सीआईडी के पदाधिकारियों के समक्ष सरेंडर किाय। इसके बाद उसे चाईबासा लाया गया। जहां चाईबासा व्यवहार न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
