भोपाल में सुबह ही जल जाएगी होली

भोपाल। राज्य में बढ़ते कोरोना के मामले और आगामी त्योहारों के चलते क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी ने इस बात पर चर्चा की गई कि किस तरह से कोरोना के बीच सभी कार्यो को व्यवस्थित किया जाए। ऐसे में फैसला लिया गया कि भोपाल में रविवार की रात के बजाए सोमवार की सुबह में करीब 6 बजे होलिका दहन किया जाएगा। इसके अलावा अगले आदेशों तक सभी धर्मस्थल बंद रहेंगे। केवल पुजारी ही मंदिरों में जाकर पूजन कर सकेंगे। इसके साथ ही रविवार के दिन के साथ होली के दिन भी आने-जाने पर पाबंदी रहेगी।
विदित हो कि पहले ही सरकार की ओर से यह अपील की जा चुकी है कि लोग होली के मौके पर घर पर ही त्योहार मनाएं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले दिनों ‘मेरी होली मेरा घर‘ कैंपेन की शुरुआत की थी। बता दें कि सुबह होलिकादहन करने का फैसला भोपाल की हिंदू उत्सव समिति द्वारा लिया गया है। यह पहली बार होगा जब भोपाल में होलिका दहन रात की जगह सुबह किया जाएगा। क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में निर्णय लिया गया है कि इंदौर में बढ़ते कोरोना के मामलों के कारण होलिका दहन भी सार्वजनिक रूप से नहीं किया जा सकेगा। बता दें कि महाराष्ट्र, केरल, पंजाब और गुजरात समेत मध्य प्रदेश देश के उन राज्यों में शुमार है जहां कोरोना की दूसरी लहर तेजी से बढ़ रही है।
