दिल्ली में लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं : सत्येंद्र जैन

नई दिल्ली। देश की राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर लॉकडाउन लगाने की अफवाहों का जो बजार गर्म था उसपर आज उस समय विराम लग गया जब स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि इसकी संभावना नहीं है।
सत्येंद्र जैन ने साफ-साफ कहा है कि दिल्ली में फिलहाल लॉकडाउन लगने की कोई संभावना नहीं है और न ही लॉकडाउन कोरोना वायरस की समस्या का समाधान है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन की कोई संभावना नहीं है। दिल्ली में लॉकडाउन लगाने की चर्चा पर सत्येंद्र जैन ने कहा कि फिलहाल सप्ताह भर तक कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर हमें ट्रेंड को देखना पड़ेगा। इसके बाद ही कोई भी निश्चित ट्रेंड आने में 3-4 हफ्ते का समय लग जाता है। कई बार लोगों में ढिलाई वाली भावना भी आ जाती है, जैसा कि इन दिनों हो रहा है। सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में पहले लॉकडाउन करके देखा गया था, उसके पीछे एक तर्क था। उस समय किसी को नहीं पता था कि ये वायरस कैसे फैलता है। अब हालात दूसरे हैं। उस दौरान कहा गया था कि संक्रमित होने से लेकर संक्रमण समाप्त होने तक 14 दिन का सायकल है। तब विशेषज्ञों का कहना था कि अगर 21 दिनों के लिए सभी एक्टिविटी को लॉक कर दें तो वायरस फैलना बंद हो जाएगा। वहीं, हालात को देखते हुए लॉकडाउन बढ़ता गया लेकिन कोरोना समाप्त नहीं हुआ। ऐसे में लॉकडाउन कोरोेना वायरस के खिलाफ जंग में कोई समाधान नहीं है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री जैन ने कहा कि दिल्ली में रोजाना 85,000- 90,000 टेस्ट कराने का फैसला लिया गया है। यह राष्ट्रीय औसत से 5 फीसद ज्यादा है। इसी के साथ ट्रैसिंग और आइसोलेशन पर भी जोर दिया जाएगा। दिल्ली के अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड हैं। अस्पतालों में लगभग 20 फीसद बेड ही उपयोग में हैं, जबकि 80 फीसद बेड खाली हैं। हम इस पर निगाह बनाए हुए हैं। कोरोना के मामले बढे तो हम बेड की संख्या में भी इजाफा करेंगे।
