अब मप्र. के सभी शहरों में वीकेंड लॉकडाउन

भोपाल। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शुक्रवार को शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक प्रदेश के सभी शहरों में लॉकडाउन लागू रहेगा। इसके अलावा भविष्य में कुछ और सख्तियां भी लागू की जा सकती हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की मीटिंग के बाद उन शहरों को लेकर फैसले लिए जाएंगे जहां केसों की रफ्तार अन्य क्षेत्रों के मुकाबले अधिक है।
विदित हो कि इससे पहले बुधवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोविड.19 के मामले तेजी से बढ़ने के चलते राज्य के सभी शहरी इलाकों में 8 अप्रैल से नाइट कर्फ्यू लगाने की घोषणा की थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में आगामी तीन महीनों तक हफ्ते में पांच दिन (सोमवार से शुक्रवार) ही कामकाज होगा। इस बारे में शिवराज सिंह चौहान ने खुद ट्वीट किया था जिसमें लिखा था कोविड.19 के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम के लिए आज बैठक में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में आगामी 3 महीने तक सप्ताह में 5 दिन (सोमवार से शुक्रवार) सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ही कामकाज होगा। शनिवार, रविवार को ये बंद रहेंगे।
इधर मध्य प्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 4,043 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 3,18,014 तक पहुंच गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटों में इस महामारी से प्रदेश में 13 और व्यक्तियों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक इससे मरने वालों की संख्या 4,086 हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बुधवार को कोविड.19 के 866 नये मामले इंदौर में आये जबकि भोपाल में 618 नये मामले सामने आए।
