पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से पांच की मौत


बिजनौरं। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में आबादी के बीच में चल रही पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने से पांच लोगों की जान चली गई जबकि चार की हालत गंभीर बनी है। मौके पर पुलिस तथा जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए हैं तथा राहत कार्य जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार बिजनौर जिले के कोतवाली क्षेत्र के जादोवाला गांव में गुरुवार को दिन में एक मकान में भयंकर विस्फोट हो गया। यहां पर अवैध तरीके से घर में पटाखा निर्माण का काम चल रहा था। जिस मकान में विस्फोट हुआ है उसे यूसुफ नामक व्यक्ति ने किराए पर ले रखा है। यहां नौ मजदूरों से पटाखे तैयार करा रहा था। मकान मे बाहर से ताला लगाया गया था। दोपहर में अचानक बारूद में आग लग गई। इससे जबरदस्त विस्फोट हुआ। विस्फोट में मकान का एक हिस्सा धराशाई हो गया। मौके पर पांच मजदूरों की मौत हो गई। वहां पर काम कर रहे अन्य चार घायल हो गए हैं। यूसुफ को लाइसेंसधारी पटाखा विक्रेता बताया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे यूसुफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तथा घायलों को बिजनौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.