छत्रधर महतो ने नजरबंदी के लिए लगाई याचिक

कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले छत्रधर महतो ने कोर्ट में नजरबंदी यानि हाउस अरेस्ट की अर्जी लगाई है। छत्रधर महतो को साल 2009 में भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस को कथित तौर पर हाईजैक करने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले की सोमवार को सुनवाई होगी।
इससे पहले छत्रधर ने अपने वकील के माध्यम से नजरबंदी के लिए आवेदन किया है। तृणमूल के राज्य स्तरीय नेता छत्रधर महतो को राज्य के पहले दौर के चुनाव के तुरंत बाद ही केंद्रीय खुफिया एजेंसी ने राजधानी एक्सप्रेस को कथित तौर पर हाईजैक करने के मामले में झाड़ग्राम स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया था। छत्रधर महतो के वकील ने शुक्रवार को अदालत का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने छत्रधर को नजरबंद रखने का अनुरोध किया। याचिका वकील के माध्यम से राज्य में कोरोना स्थिति और उसकी शारीरिक बीमारी को ध्यान में रखते हुए दायर की गई।
सूत्रों के मुताबिक इस अर्जी पर सुनवाई के बाद मामले की सुनवाई की तारीख अगले सोमवार को तय की गई है। यानी याचिका पर उसी दिन एनआइए की विशेष अदालत में सुनवाई होगी। साल 2009 में गिरफ्तारी के बाद आरोपितों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया था। मई 2015 में मेदिनीपुर जिला अदालत ने महतो को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। छत्रधर महतो पिछले साल फरवरी में ही जेल से छूटा था। दस साल तक वह जेल में रहा था। जेल से छूटने के बाद टीएमसी ने महतो को जिला समिति में शामिल कर लिया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.