वैक्सीन को लेकर नौटंकी कर रही कांग्रेस : मदन कौशिक
देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वैक्सीन को लेकर कांग्रेस नौटंकी कर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस है जो पहले वैक्सीन को भाजपा और मोदी वैक्सीन से संबोधित कर रही थी। और तो और कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने वैक्सीन न लगाने तक की घोषणा कर दी थी। कांग्रेस की मंशा शुरू से ही वैक्सीन को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न करना था।
कौशिक ने एक वक्तव्य में कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों की हठधर्मिता और अविश्वास के वातावरण से वहां काफी वैक्सीन खराब हो गई थी। हकीकत यह है कि कांग्रेस सेवा की बजाए जनता से लड़ रही है। मास्क, सैनिटाइजर, ब्लड, आक्सीजन और राशन वितरण जैसे कार्य करने के बजाय कांग्रेस धरना-प्रदर्शन में मशगूल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के वैक्सीनेशन के बाद अब 18 से 45 आयु वर्ग का वैक्सीनेशन शुरू हो चुका है। देश में दिसंबर से पहले सभी राज्यों में वैक्सीनेशन की प्रधानमंत्री पहले ही घोषणा कर चुके हैं।
