उप्र : अब चौथे चरण के विधानसभा चुनाव की कवायद शुरू
चार मंत्रियों की साख दांव पर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अब चौथे चरण के विधानसभा चुनाव को लेकर कवायद शुरू हो गई है । इस चुनावी रण में अयोध्या समेत अवध की कुछ सीटें बेहद अहम मानी जा रहीं है जहां से कई दिग्गज नेता चुनावी मैदान में है। चौथे चरण में नौ जिलों की 60 सीटों पर 23 फरवरी को मतदान होना है। इस चरण में कुल 624 उम्मीदवार मैदान में हैं। चौथे चरण में चार मंत्रियों की साख दांव पर है। वहीं सोनिया गांधी के गढ़ रायबरेली में कांग्रेस से बगावत कर बीजेपी में शामिल हुईं अदिति सिंह की किस्मत का निर्णय होना है।
लखनऊ की सरोजनीनगर सीट पर सभी की नजर है। यहां से बीजेपी ने मंत्री स्वाती सिंह का टिकट काट दिया था। बीजेपी ने प्रवर्तन निदेशालय से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति में उतरे राजेश्वर सिंह को टिकट दिया है। उनसे मुकाबले के लिए सपा ने पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा को खड़ा किया है। लखनऊ छावनी सीट से योगी सरकार के विधि मंत्री ब्रजेश पाठक मैदान में हैं। ब्रजेश पाठक 2017 चुनाव में लखनऊ मध्य से जीते थे। लखनऊ पूर्व सीट से नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन दोबारा मैदान में हैं। ऊंचाहार से सपा के ब्राह्मण चेहरे के रूप में पूर्व मंत्री डॉ मनोज पांडेय उम्मीदवार हैं। वहीं बीजेपी ने उनके सामने प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य को खड़ा कर दिया है।
चौथे चरण के मतदान में उम्मीदवारों के साथ-साथ केंद्र सरकार के कई मंत्रियों की भी परीक्षा होगी। इस चरण में जिन जिलों में वोट डाले जा रहे हैं वहां से केंद्र में सत्तारूढ़ मोदी सरकार के चार मंत्री आते हैं। सबसे कद्दावर नेता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का, जिनका संसदीय क्षेत्र लखनऊ है। दूसरा नाम है महिला एवं बल विकास मंत्री स्मृति ईरानी का, जिनका संसदीय क्षेत्र अमेठी है। इसके अलावा वरिष्ठ नेता व मोहनलालगंज के सांसद कौशल किशोर और लखीमपुर से सांसद और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के इलाकों में भी चौथे चरण में मतदान होना है।
