कांग्रेस कृषि कानूनों को रद्द कराकर ही मानेगी : राहुल

पीलीबंगा (हनुमानगढ़)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीन नये कृषि कानूनों को लेकर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इससे 40 प्रतिशत किसान, छोटे व्यापारी एवं मजदूर बेरोजगार हो जायेंगे तथा खेती कुछ बड़े उद्योगपतियों के हाथों में सिमट जायेगी। गांधी ने शुक्रवार को यहां किसान रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसान कानूनों से मंडियां खत्म होने के साथ जमाखोरी चालू होगी तथा किसान से न्याय छिन जायेगा। उन्होंने कहा कि जब तक यह कानून वापस नहीं लिये जाते कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी रहेगी और नये कृषि कानूनों को रद्द कराकर ही मानेगी।
गांधी ने कहा कि सरकार किसानों से बातचीत करना चाहती है तो पहले उनकी जमीन और भविष्य छीनने वाले कानूनों को रद्द करे। गांधी ने कहा सबसे बड़ा उद्योग कृषि है जिसे देश की 40 प्रतिशत जनता चलाती है लेकिन केंद्र सरकार इसे चंद उद्योगपतियों के हाथों में देकर एकाधिकार स्थापित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह उचित नहीं होगा कि एक व्यक्ति सबका अनाज] सब्जी, फल खरीदकर जमाखोरी कर ले तथा छोटे व्यापारियों और किसानों को बेरोजगार कर दे। उन्होंने कहा कि तीसरे कृषि कानून में किसानों से न्याय छीनने का प्रावधान है। इसमें बड़े उद्योगपतियों के सामने किसानों को जाना होगा तथा सही दाम नहीं मिलने पर उन्हें न्याय नहीं मिलेगा। किसान इस बारे में सब कुछ समझ गये हैं तथा दमन के बावजूद खड़े हैं। 200 से अधिक किसानों को शहीद होना पड़ा है।
