विधायक बीमा भारती के बयान पर भड़के सीएम नीतीश
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधायक बीमा भारती के बयान पर काफी गुस्से में नजर आए। बीमा भारती के ताजा बयान के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वो गलत बोल रही हैं। बीमा भारती ने जो आरोप लगाये हैं, वह सही नहीं है। हर किसी को मंत्री नहीं बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बीमा भारती को ऐसी बात नहीं करनी चाहिए। सीएम नीतीश ने कहा कि हमने बीमा भारती को इतनी इज्जत दी, लेकिन बीमा भारती ने गलत बात की।
उन्होंने कहा कि बीमा भारती को पढ़ना-लिखना नहीं आता था। मैंने इसके बावजूद उन्हें मौका दिया। सरकार का कामकाज सब सिखाया, लेकिन आज सब भूल गयी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमा भारती से बात की जायेगी। उन्हें समझाया जायेगा, इसके बावजूद अगर वो नहीं समझती हैं तो पार्टी उनपर उचित कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसी बयानबाजी पर पार्टी किसी प्रकार की नरमी बरतने को तैयार नहीं है। पहले हम उन्हें प्रेम से समझाएंगे, अगर फिर भी उनको समझ नहीं आएगा तो फिर जो उन्हें करना हो करें।
विदित हो कि रुपौली से जदयू विधायक बीमा भारती ने इस्तीफे की पेशकश करते हुए मंत्री लेसी सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बीमा भारती ने आरोप लगाते हुए कहा कि लेसी सिंह चुनावों के समय पार्टी विरोधी काम करती हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गलत लोगों को कैबिनेट में जगह दी गयी है। हत्या के आरोपी को सरकार में मंत्री बनाया गया।
