जदयू विधायक ने दी इस्तीफे की धमकी
पटना। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले महागठबंधन की सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद जेडीयू में लगातार नाराजगी देखने को मिल रही है। मंत्रिमंडल विस्तार से जेडीयू के कुछ विधायक नाराज चल रहे हैं। इनकी नाराजगी बुधवार को खुलकर सामने भी आ गई। जेडीयू की रुपौली से विधायक और पूर्व मंत्री बीमा भारती ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
जदयू विधायक बीमा भारती ने चेतावनी दी है कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेता लेशी सिंह को कैबिनेट से नहीं हटाया तो वह इस्तीफा दे देंगी। सिंह को कल तीसरी बार मंत्री के रूप में कैबिनेट में शामिल किया गया था। उन्हें बिहार कैबिनेट में खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बनाया गया है। बीमा भारती कैबिनेट के लिए नहीं चुने जाने से खफा हैं।
बीमा भारती का आरोप है कि लेशी सिंह ने उनकी बेटी को चुनाव हरवाया है। लेशी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बीमा भारती ने कहा है कि जो उनके विरोध में बोलता है उसका तो मर्डर करवा देती हैं। लेशी सिंह के अलावा नीतीश की पार्टी के कई अन्य विधायक भी खफा बताए जा रहे हैं। परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार, विधायक पंकज कुमार मिश्रा, बरबीघा विधायक सुदर्शन कुमार और मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह और केसरिया विधायक शालिनी मिश्रा भी नाराज हैं।
