पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को किया गिरफ्तार

चंडीगढ़। पंजाब विजिलेंस ने सोमवार को पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किया है। उन्हें कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के लुधियाना स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी विजिलेंस के एसएसपी ने दी है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में 2000 करोड़ रुपये के घपले की विजिलेंस जांच कर रही है। इस मामले में पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु का नाम सामने आ आया था। आरोप है कि पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु ने निविदाओं में घपला किया है। हालांकि भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे भारत भूषण आशु ने हाईकोर्ट की शरण ली थी। उन्होंने अदालत से अपील की थी कि पंजाब सरकार को अगर उनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई करनी है तो पहले सात दिन का नोटिस दिया जाए। भारत भूषण आशु ने याचिका में कहा था कि 2018 .2019 में जब वह खाद्य और आपूर्ति मंत्री थे तो उस समय पंजाब फूड ग्रेन्स ट्रांसपोर्टेशन पॉलिसी लाई गई थी। इस पॉलिसी को कैबिनेट ने मंजूरी दी थी। इसमें ई.टेंडर के जरिये टेंडर मांगे गए थे। टेंडर की प्रक्रिया डीसी के द्वारा पूरी की जाती थी। याची ने कहा कि इस मामले से उनका कोई लेना देना नहीं है।
विदित हो कि इससे पहले पंजाब सरकार कांग्रेस के तीन पूर्व मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में केस दर्ज कर चुकी है। पंजाब में आप की सरकार आने के बाद ही कांग्रेस के पूर्व मंत्रियों का नाम विवादों में आने लगा था। भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व वन मंत्री साधु सिंह धर्मसोत की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इसके बाद तत्कालीन सरकार के पूर्व मंत्री संगत सिंह गिलजियां के खिलाफ भी केस हो चुका है। 28 करोड़ के जमीन घोटाले के मामले में पूर्व पंचायत मंत्री तृप्त राजिंदर बाजवा के खिलाफ भी जांच शुरू है।
