सीएम सोरेन ने राज्यवासियों को दी करम पूजा की बधाई
रांची। विमेंस कॉलेज स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर में करमा पूजा महोत्सव के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने जहां राज्य वासियों को शुभकमानएं दी, वहीं मांदर की थाप पर मुख्यमंत्री के पैर भी थिरके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मांदर भी बजाया। इसके अलावा झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन एवं महादेव टोली, लोअर चुटिया रांची में करम पूजा महोत्सव समिति द्वारा मुख्यमंत्री का परंपरागत तरीके से स्वागत किया गया। यहां सीएम ने विधिवत रूप से करम डाली की पूजा.अर्चना कर राज्य में सुख.शांति की कामना की।
इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि यह बहुत खुशी और गर्व का विषय है कि हम अपनी परंपरा.संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं। प्राकृतिक पर्व करम के मौके पर आज हम सभी लोग एकत्रित हुए हैं। धरती पर आदि समाज की अपनी परंपरा और संस्कृति रही है। इस विकासशील दौर में हमें अपनी परंपराए संस्कृति और सभ्यता को बचा पाना चुनौती है, लेकिन इन सभी चुनौतियों से निकलते हुए आज हमारी युवा पीढ़ी आदिवासी-मूलवासी के परंपरा, संस्कृति और सभ्यता को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। आज गली-मोहल्ले, घरों सहित कई अखाड़ों में करम पूजा महोत्सव आयोजित हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों से हम सभी लोग वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण को लेकर करम महोत्सव का आयोजन भव्य रूप से नहीं कर पा रहे थे, लेकिन अब जैसे ही परिस्थितियां धीरे-धीरे सामान्य हुई हैं। आज फिर हम प्रकृति पर्व करमा पूजा का भव्य आयोजन कर पा रहे हैं तथा आपस में प्रेम, स्नेह और खुशियां बांट रहे हैं।
