अपने गठबंधन की चिंता करें अखिलेश : भूपेंद्र चौधरी

लखनऊ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की नहीं अपने गठबंधन की चिंता करें। उनके कई विधायक हमारे संपर्क में हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य संगठन के प्रमाणित और भाजपा की विचारधारा के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं। वह सदैव हमारे साथ रहेंगे और किसी स्वार्थ में पड़ने वाले नेता नहीं है। अखिलेश यादव अपनी पार्टी व गठबंधन की चिंता करें।
बता दें कि सपा अध्यक्ष अक्सर केशव प्रसाद मौर्य को लेकर बयान देते रहते हैं और भाजपा पर पिछड़ों के साथ अन्याय का आरोप लगाते हैं जिस पर भाजपा अध्यक्ष ने पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने मंगलवार को कहा था कि भाजपा सरकार पिछड़ों, दलितों, वंचितों और अल्पसंख्यकों को धोखा दे रही है। भाजपा जातीय जनगणना की मांग पर चुप्पी साधे है। जातीय जनगणना होने से समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास में प्रतिनिधित्व तय हो जाता। सबकी भागीदार निश्चित हो जाती। इसी तरह समाजवादी सरकार ने 17 जातियों को अनुसूचित जाति का दर्जा देने की दिशा में जो कदम उठाए थे उन्हें भाजपा सरकार ने विफल कर पिछड़ों और दलितों के साथ अन्याय किया है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के नेतृत्व के खिलाफ अभियान चलाने की रणनीति पर काम कर रही है, लेकिन अब भाजपा की कोई साजिश सफल नहीं होगी। समाजवादी पार्टी युवाओं की पार्टी है। वह इसके हर अभियान को फेल कर देगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.