पीएम मोदी ने संदेशखाली पीड़िता रेखा से की बात
बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र से बनाया उम्मीदवार
कोलकाता।.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की बशीरहाट लोकसभा सीट से बीजेपी की उम्मीदवार रेखा पात्रा से फोन पर बातचीत की। पीएम ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रचार-प्रसार की तैयारियों को लेकर जानकारी ली। पीएम मोदी ने रेखा पात्रा को “शक्तिस्वरूपा” बताते हुए कहा कि सारा देश आप पर गर्व करेगा। रेखा पात्रा ने पीएम मोदी को भगवान राम का प्रतीक बताया और कहा कि सिर पर उनका हाथ होने से वे काफी गौरवशाली महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी पार्टी की नहीं, बलकि बशीरहाट के सभी पीड़ितों की है। प्रधानमत्री ने लोगों के बीच बीजेपी के प्रति समर्थन और अन्य मुद्दों पर उनसे बातचीत की। रेखा पात्रा ने पश्चिम बंगाल के संदेशखाली की महिलाओं की परेशानियों से पीएम को अवगत कराया। भाजपा प्रत्याशी ने प्रधानमंत्री को बताया कि उन्होंने क्षेत्र की स्थिति के कारण 2011 से मतदान नहीं किया है। इस पर मोदी ने आश्वासन दिया कि निर्वाचन आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराएगा और यह सुनिश्चित करेगा कि हर कोई मतदान कर सके। पात्रा ने यह भी कहा कि उनके आसपास के टीएमसी समर्थकों ने शुरू में भाजपा से उनकी उम्मीदवारी का विरोध किया, लेकिन अब उनका समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वह एक गरीब परिवार से हैं और उनके पति केरल में काम करते हैं। पात्रा न कहा कि मैं कुछ ऐसा करूंगी कि किसी को काम के लिए इतनी दूर न जाना पड़े, उन्हें यहीं रोजगार मिले।
विदित हो कि रेखा पात्रा ने संदेशखाली आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी। ये इस आंदोलन की प्रमुख चेहरा थीं। इन्होंने टीएमसी नेता शाहजहां शेख व साथियों के कथित अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठायी थी। संदेशखाली बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र में आता है और रेखा पा़त्रा संदेशखाली की पीड़िताओं में से एक है।
