सीएम नीतीश ने विपक्ष को लिया निशाने पर

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को सदन में निशाने पर लिया। मंगलवार 23 फरवरी को बजट पर राज्यपाल के अभिभाषण पर विमर्श के दौरान तेजस्वी के बार-बार टोकाटोकी करने पर नीतीश कुमार ने यहां तक कह दिया कि हम गोदी नहीं उठाए हैं, चुपचाप बैठो। तुम्हें गोद में खेलाया है। उन्होंने तेजस्वी के तमाम आरोपों सहित पूरे विपक्ष को करारा जवाब दिया।
मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान जब तेजस्वी यादव ने सवाल खड़े किए तो उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि सदन में मैंने आपकी सारी बातें सुनीं। अब मेरी भी सुन लीजिए। आगे आपको ही फायदा देगा। मैं जब केंद्र में मंत्री था तब तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल जी से जो भी सीखा वह आज भी मेरे काम आ रहा है। मेरे भी मार्गदर्शन में आपने बतौर डिप्टी सीएम एक साल आठ महीने काम किया। उस वक्त का फायदा भी लोगों को बताइए। मैं तो चाहूंगा कि आपको मौका मिले और आप बोलें। मुझे अच्छा लगता है जब आप बोलते हैं।
सीएम नीतीश ने शराबबंदी हटाए जाने की मांग पर कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का सदस्यता फॉर्म दिखाया। कहा इसमें सदस्यों से शपथ ली जाती है कि वे मादक पदार्थो का सेवन नहीं करते। यह तो बापू का ही सिद्धांत था। आप एक तरफ तो सदस्यों से वचन लेते हैं कि मैं दारू से दूर रहता हूं दूसरी ओर शराबबंदी हटाने और शराब की दुकान खुलवाकर दारू के नजदीक जाना चाहते हैं।
