गुजरात निकाय चुनाव में भाजपा ने लहराया परचम

सूरत। गुजरात नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने बंपर जीत दर्ज की है। वहीं सूरत में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन दिखाया जबकि अहमदाबाद में ओवैसी की पार्टी ने चार सीटों पर कब्जा जमाया। गुजरात चुनाव में भाजपा की शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने खुशी जाहिर की है। पीएम मोदी ने भाजपा की जीत को बेहद खास बताया और गुजरात की जनता को थैंक्स कहा।
पीएम मोदी ने कहा शुक्रिया गुजरात ! राज्य भर में नगरपालिका चुनावों के परिणाम स्पष्ट रूप से लोगों में विकास और सुशासन की राजनीति के प्रति अटूट विश्वास दिखाते हैं। बीजेपी पर फिर से भरोसा करने के लिए राज्य की जनता का आभारी हूं। हमेशा गुजरात की सेवा करने का यह सम्मान है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा पूरे गुजरात में आज की जीत बहुत खास है ऐसी पार्टी के लिए जो राज्य में 2 दशकों से अधिक समय से ऐसी अभूतपूर्व जीत दर्ज कर रही है। समाज के सभी वर्गों, खासकर भाजपा के प्रति गुजरात के युवाओं का व्यापक समर्थन देखकर मैं उत्साहित हूं।
दूसरी ओर गृह मंत्री शाह ने कहा आज गुजरात में म्युनिसिपल कॉरपोरेशन चुनाव के आए नतीजे दिखाते हैं कि गुजरात भारतीय जनता पार्टी का गढ़ के रूप में खुद को प्रस्थापित करता है। भाजपा ने 85ः सीटें जीती हैं। उन्होंने आगे कहा कांग्रेस पार्टी बुरी तरह इस चुनाव में हारी है। पूरे गुजरात में सिर्फ 44 सीटें कांग्रेस को मिली हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा गुजरात की सभी 6 महानगर पालिका में हुए स्थानीय निकाय के चुनावों में गुजरात भाजपा को अपार बहुमत मिला है। मैं इस जीत के लिए सभी 6 महानगर पालिका के मतदाताओं, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं।
गौरतलब है कि छह नगर निगमों के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने कुल 576 सीटों में 424 पर जीत दर्ज की है।अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने सूरत में शानदार प्रदर्शन किया। सूरत में आप ने 27 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन की गुजरात में इंट्री हो गयी है। अहमदाबाद में ओवैसी की पार्टी ने 4 सीटें जीतने में कामयाब रही। बहुजन समाज पार्टी ने जामनगर में तीन सीटों पर जीत दर्ज की।
