भलस्वा डेयरी को आवासीय कॉलोनी में बदलने का प्रस्ताव पास

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के सदन की बैठक बुधवार को हुई। इसमें राजधानी में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और नालों में साफ सफाई के मुद्दों को लेकर जमकर हंगामा देखा गया। सदन में भाजपा और आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने एक दूसरे पर कई मुद्दों को लेकर आरोप.प्रत्यारोप किए। आलम यह कि मेयर शैली ओबरॉय ने भाजपा के तीन पार्षदों को तीन हाउस मीटिंग के लिए निलंबित कर दिया। इस बीच एमसीडी सदन की बैठक में एक बड़ा फैसला लिया गया।

    बैठक में भलस्वा डेयरी को भलस्वा आवासीय कॉलोनी में बदलने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। इस प्रस्ताव से भलस्वा डेयरी कॉलोनी में रहने वाले निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे पहले बीते दिनों नगर निगम प्रशासन ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर भलस्वा डेयरी कॉलोनी में डेयरी प्लॉटों पर रिहायशी, व्यवसायिक तरीके से अवैध निर्माण करने के खिलाफ नोटिस भेजा था। साथ ही निगम प्रशासन, दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर अवैध निर्माण को हटाने के लिए भी पहुंचा था।
बताया जाता है कि बुधवार को सदन में आम आदमी पार्टी की भलस्वा वार्ड से पार्षद टीमसी शर्मा ने भलस्वा डेयरी को आवासीय कॉलोनी में परिवर्तित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। यह प्राइवेट मेंबर रेजुलेशन के रूप में लाया गया। इस पर दो पार्षद अजीत सिंह यादव, जोगिंद्र सिंह ने प्रस्ताव में सहमति जताई। हालांकि भाजपा का कहना है कि भलस्वा डेयरी मामले में आम आदमी पार्टी केवल राजनीति कर रही है। नेता विपक्ष राजा इकबाल सिंह ने भलस्वा डेयरी के प्रस्ताव पर आरोप लगाते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की इस मामले पर सही मंशा होती तो वह निगम आयुक्त के जरिए सदन के एजेंडे में इस संबंध में प्रस्ताव को शामिल कराते, लेकिन वह सिर्फ इस मुद्दे पर सिर्फ राजनीति कर रहे हैं क्योंकि प्राइवेट मेंबर रेजुलेशन का निगम के अधिनियमों के अनुरूप कोई कानूनी स्वीकृति नहीं है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.