पार्टी का लक्ष्य बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट : चिराग
मुंगेर। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी का लक्ष्य बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट है। श्री पासवान ने मुंगेर के पोलो मैदान में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में अच्छी कानून व्यवस्था, सभी को सुरक्षा और युवाओं को उचित रोजगार मिले यही उनकी पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि वे बिहार फर्स्टए बिहारी फर्स्ट के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।
श्री पासवान ने कहा कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के काल में बिहार की दुर्दशा हो गयी थी और विकास की गति पूरी तरह अवरूद्ध हो गयी थी। केन्द्रीय मंत्री ने बिहार से हो रहे पलायन की चर्चा करते हुये कहा कि पलायन रोकना अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में कारगर कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षो में प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाकर युवाओं का पलायन रोकने का प्रयास किया जाएगा। राज्य के विकास में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुये श्री पासवान ने कहा कि उन्हें काम करने के लिये सुरक्षित माहौल देने और मुख्य धारा का हर संभव प्रयास किया जायेगा। केन्द्रीय मंत्री ने अपने पारिवारिक विवाद की चर्चा करते हुए बिना किसी का नाम लिये कहा कि लोगो ने उनके परिवार और पार्टी से उन्हें दूर करने की कोशिश की लेकिन रामविलास वह पासवान जैसे मजबूत नेता के पुत्र हैं और सभी बाधाओं से लड़ना जानते हैं।
