राहुल, तेजस्वी कर रहे मतदाताओं को बहकाने की साजिश : गिरिराज

पटना। बेगूसराय में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में गिरिराज सिंह ने कांग्रेस और राजद पर करारा प्रहार किया। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के कार्यकर्ता “माई बहन योजना” के नाम पर फर्जी फॉर्म भरवा रहे हैं। श्री सिंह ने इसे मतदाताओं को बहकाने की साज़िश बताया और चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की। यही नहीं, उन्होंने दोनों नेताओं की तुलना “कंस” से करते हुए कहा कि जैसे भगवान श्रीकृष्ण ने “कंस” का नाश किया था वैसे ही झूठ और भ्रष्टाचार की राजनीति करने वालों का भी अंत तय है।
गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि बेगूसराय में “माई बहन योजना” नाम से फर्जी फॉर्म भरवाए जा रहे हैं, जबकि ऐसी कोई सरकारी योजना अस्तित्व में ही नहीं है।श्री सिंह ने कहा कि यह मतदाताओं को झूठे प्रलोभन में फंसाने की कांग्रेस.राजद की रणनीति है। श्री सिंह ने प्रशासन से दोषियों पर धारा 420 (धोखाधड़ी) में केस दर्ज करने की मांग की और चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं होती है तो समाज को ऐसे लोगों को खुद खदेड़ना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से भी इस मामले का संज्ञान लेने की अपील की और कहा कि ठोस सबूत मौजूद हैं।
श्री सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें “कंस”  के रास्ते पर चलने वाला बताया। उन्होंने कहा कि धर्म और सच्चाई की जीत तय है और जनता बीजेपी.एनडीए को अपार बहुमत से जीत दिलाएगी। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लगातार जनहित के काम किए हैं इसके दम पर उन्होंने दावा किया कि बेगूसराय की सातों विधानसभा सीटें एनडीए की झोली में जाएंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.