“आप” ने दिल्ली में कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की चार इंजन की सरकार होने के बावजूद कालकाजी मंदिर के एक पुजारी की पीट-पीट कर निर्मम हत्या कर दी गई यह हमारी आस्था पर हमला है। आप नेता एवं विधायक अनिल झा ने शनिवार को कहा कि दिल्ली की बदहाल कानून.व्यवस्था को लेकर “आप” अत्यंत चिंचित है। उन्होंने कहा कि केंद्र और दिल्ली में भाजपा की सरकार है। एमसीडी, कैंटोमेंट बोर्ड, एनडीएमसी, डीडीए और उप राज्यपाल सब भाजपा के अधीन हैं। भाजपा खुद को धर्म का सबसे बड़ा पैरोकार मानती है। मंदिरों के लिए आंदोलन, मंदिरों को बचाने और पुजारियों के रख-रखाव का प्रयास करती रही है। इसके बावजूद आज देश की राजधानी दिल्ली में ऐसी स्थिति बन गई है कि भाजपा सरकार की इंटेलिजेंस फेल नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि कालकाजी की घटना हमारी आस्था पर हमला है और दिल्ली पुलिस की नाकामी है। यह घटना बताती है कि दिल्ली में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। कानून का अपराधियों में कोई डर नहीं है और दिल्ली पुलिस अपराधियों में कानून का डर पैदा नहीं कर पा रही है।
