सीएम नीतीश पर आधारित पुस्तक “विकास पुरुष” का लोकार्पण

पटना। प्रख्यात लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और कार्यों पर आधारित पुस्तक “विकास पुरुष” का लोकार्पण सोमवार को हुआ। बिहार विधान परिषद सभागार में आयोजित समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव और बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने पुस्तक “विकास पुरुष” का संयुक्त रूप से लोकार्पित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार विधान परिषद के उपसभापति प्रो राम वचन राय ने की।
लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने बताया कि इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संघर्ष, दृष्टिकोण और विकासोन्मुख सोच को शब्दों में पिरोने का प्रयास किया है। विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के विकास कार्यों को प्रारंभिक दौर से देख रहे है। विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास है और नीतीश कुमार ने बिहार में विकास कर इसे विकसित राज्य बना दिया है। उन्होंने कहा कि मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने “विकास पुरुष” पुस्तक में उन सारे विकासात्मक तथ्यों को भी उजागर किया है जो नई पीढ़ी को जानना बहुत जरूरी है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. नवल किशोर यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के विकास कार्य ही उनकी पहचान है। श्री नीतीश कुमार खुद में ही इतिहास पुरुष बन चुके हैं। बिहार धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष  प्रो. रणबीर नन्दन ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कार्य बोल रहा है। इन्होंने इतना कार्य किया है कि पूरी दुनिया इनकी मुरीद है। पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास में खुद को पूरी तरह झोंक दिया और आज उसी का नतीजा है कि बिहार अलग पहचान कायम कर चुका है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बिहार विधान परिषद के उपसभापति प्रो. रामवचन राय ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति नीतीश कुमार के राजनीतिक जीवन, सुशासन और बिहार के विकास में उनके योगदान को गहराई से उजागर करती है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का कार्य करेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.