सांस्कृतिक गतिविधियों की राजधानी बनेगी दिल्ली : कपिल मिश्रा
नई दिल्ली। दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार को कहा कि दिल्ली को सांस्कृतिक गतिविधियों और लाइव एंटरटेनमेंट का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। श्री मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के नेतृत्व में और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एसएआई) के सहयोग से दिल्ली के सभी प्रमुख स्टेडियमों के बुकिंग रेट्स में लगभग 40 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तक की कटौती की गई है। इस फैसले से दिल्ली में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लाइव इवेंट्स और कॉन्सर्ट्स को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विज़न है कि दिल्ली लाइव इवेंट्स और कॉन्सर्ट इकॉनमी का हब बने। इस दिशा में सबसे बड़ी बाधा स्टेडियमों की ऊंची बुकिंग दरें थीं जिसके चलते बड़े आयोजन दिल्ली से बाहरए अहमदाबाद, मुंबई, गुड़गांव और नोएडा की ओर शिफ्ट हो रहे थे। श्री मांडविया के साथ व्यापक चर्चा के बाद आज यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। यह कदम दिल्ली को कॉन्सर्ट इकॉनमी का हब बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से न केवल दिल्ली की सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि रोज़गार और आर्थिक अवसरों में भी बड़ी वृद्धि होगी।
