नीतीश, मोदी का कोई विकल्प नही : उमेश कुशवाहा
नवादा। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने शनिवार को कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं है। श्री कुशवाहा ने नवादा जिले के रोह में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के गोविंदपुर विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में कहा जा रहा था कि उनकी पार्टी खत्म हो गई है, लेकिन लोकसभा चुनाव के परिणाम ने दिखा दिया है कि मुख्यमंत्री श्री कुमार और प्रधानमंत्री श्री मोदी का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री कुमार और प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सभी लोगों का विश्वास, भरोसा और चमक बता रहा है कि इस बार राजग बिहार में इतिहास दोहराएगा।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय सांसद विवेक ठाकुर ने राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा कि दो पप्पू नेताओं के भ्रम में बिहार फंसने वाला नही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले एक पप्पू ने दुष्प्रचार किया था प्रधानमंत्री मोदी फिर से सत्ता में आएंगे तो संविधान बदल देंगे। हर परिवार को रुपए देने का फॉर्म भराया गया। दूसरे पप्पू बिहार के हैं जो वोट चोरी की बात कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि बिहार के लोग पप्पूओं के भ्रम में आने वाले नही है। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के लोग भ्रम में आ गए थे लेकिन उस समय भी बिहार के लोग पप्पू के भ्रम में नही आए थे।
