होटल को आधा-अधूरा लाइसेंस दिए जाने पर उठाया सवाल

नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मालवीय नगर में लगी आग को लेकर बयानबाजी करने पर आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज की आलोचना की और कहा है कि इस होटल को आधा-अधूरा लाइसेंस श्री भारद्वाज के मंत्री रहते हुए पर्यटन विभाग ने मई 2024 में दिया था, इसलिए उन्हें बताना चाहिए कि यह लापरवाही क्यों बरती गई।
श्री मल्होत्रा ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मालवीय नगर विधानसभा के हौज रानी क्षेत्र में अवैध तरीके से चलाये जा रहे होटल में आग लगने से 21 लोगों की असमायिक मृत्यु पर गहरा दुख प्रकट किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि 2024 में “आप” के शासनकाल में मात्र छह कमरों का ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट लाइसेंस ले कर पूरी इमारत में अवैध होटल चलाया जा रहा था और तत्कालीन दिल्ली की “आप” सरकार के शासन में इसे बिजली के भारी लोड़ मीटर भी मिल गये तथा दमकल विभाग की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की जांच ही नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कांग्रेस तथा केजरीवाल सरकार की मिलीभगत से 1998 से 2024 के बीच दिल्ली में आधे-अधूरे लाइसेंस लेकर ऐसे ना जाने कितने अवैध होटल खुले। उन्होंने कहा कि इस समय दिल्ली की जो स्थिति है, उसके लिये 27 साल का कांग्रेस और “आप” की सरकारों का भ्रष्टाचार जिम्मेदार है। श्री मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद, स्थानीय विधायक सतीश उपाध्याय के साथ आज सुबह ही हौज रानी हो कर आये और उनकी रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तुरंत हौज रानी के साथ ही पूरी दिल्ली में होटल, मोटल आदि की जांच के आदेश दिए हैं और एक भी मानदंड में कमी पाये जाने पर तुरंत बिजली काट कर होटल बंद करवाया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.